दरौली (सिवान, बिहार)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के दुब्बा मलपुरवा शिव मंदिर प्रांगण में दिनांक 14 फरवरी दिन बुधवार को नौ दिवसीय श्री सत् चण्डी महायज्ञ धूमधाम के साथ प्रारंभ हो गया। इसके लिए बुधवार की सुबह गाजे बाजे के साथ धूमधाम से भव्य जल कलश यात्रा भी निकाली गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष विपिन पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय के नेतृत्व में इस धार्मिक महोत्सव में हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों सहित 501 कन्याएं भी शामिल हुई। शोभायात्रा में ढोल बाजे और रथ पर अनुष्ठान के यज्ञाचार्य वाराणसी से आए चन्दन पाण्डेय के साथ यजमान विपिन उर्फ पप्पू पाण्डेय अपने माथे पर भागवत गीता ग्रंथ व पूजित कलश लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा में काफी संख्या में मौजूद महिला-पुरुष कीर्तन करते हुए पैदल चल रहे थे। ठंड व बारिश के बावजूद भी कन्याएं पूरे उत्साह के साथ माथे पर कलश लेकर चल रही थी। यज्ञाचार्य की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार व आम जनता के जयघोष के साथ कलश में जल भरा गया। इसके बाद कन्याएं कलश में जल लेकर पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। वहीं शाम में दीप जलाकर विधिवत प्रवचन व कथा कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीधाम वृन्दावन से आये कथावाचक प्रशांत महाराज व अयोध्या से पधारी सरस कथा वाचिका साधना त्रिपाठी ने किया।
प्रवचन कार्यक्रम के उपरांत श्रीधाम वृंदावन से पधारे कलाकारों द्वारा ठाकुर जी की रासलीला का सजीव मंचन किया गया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्म वृतांत की पूरी सजीव लीला दिखाई गई। इस दौरान भक्तों का उत्साह भी देखने लायक था। ज्ञात हो कि आयोजक विपिन उर्फ पप्पू पाण्डेय की देखरेख में यह अनुष्ठान अनवरत नौ दिनों तक यानि 22 फरवरी तक निर्बाध रूप से चलेगा। विपिन उर्फ पप्पू पाण्डेय ने बताया कि श्री श्री 1008 श्री महेश्वर दास जी के सानिध्य में श्री सत् चण्डी महायज्ञ 22 फरवरी तक दुब्बा मलपुरवा शिव मंदिर के प्रांगण में चलेगा। यज्ञ स्थल पर प्रवचन सुनने वाले सभी भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए आयोजन समिति द्वारा सभी प्रकार की व्यवस्था की गई है। साथ ही सुरक्षा को लेकर स्वयंसेवक लगाए गए हैं। वहीं स्थानीय व बाहरी भक्तों के लिए प्रत्येक दिन नित्य भंडारा की भी व्यवस्था की गई है, जबकि 22 फरवरी को हवन पूजन पूर्णाहुति एवं भण्डारा के साथ महायज्ञ का भव्य समापन होगा।
रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता