दिल्ली (ब्यूरो, भारत)। दिल्ली में आम्बेडकर नगर इलाके में एक अधेड़ व्यक्ति ने शक के चलते बुधवार को अपनी पत्नी की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद शव को घर के बाथरूम में छुपा दिया। अगले दिन बेटे ने मां को बेसुध हालत में देखकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने बेटे के बयान पर केस दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने महिला से 30 साल पहले लव मैरिज शादी की थी। महिला ईसाई समुदाय की थी।
शव पर गला घोटने और नाखून के मिलें निशान-
इस मामले में पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि 50 वषीय सुशीला अपने पति वेदप्रकाश के साथ मदनगीर इलाके में रहती थी। घर के प्रथम तल पर सुशीला का बेटा आकाश परिवार के साथ रहता है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल से बुधवार सुबह 8:41 बजे पुलिस को हत्या की सूचना मिली थी। जिसके बाद आम्बेडकर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में महिला के शव पर गला घोटने और नाखून के निशान मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया हैं।
दंपती के बीच अक्सर होता रहता था झगड़ा-
पुलिस को अस्पताल में आकाश मिला। आकाश ने पुलिस को बताया कि उसकी मां सुशीला और पिता वेदप्रकाश घर में भूतल पर रहते हैं। दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता है, जिसके कारण पिता मां पर शक करता था। आकाश ने बताया कि मां ईसाई और पिता हिंदू हैं। पिता अक्सर मां के बाहर जाकर काम करने का विरोध करते थे। उन्हें मां पर शक रहता था। इसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
महिला के शव पर मिलें चोट के निशान-
आकाश ने बताया कि मंगलवार रात को भी मां के काम पर जाने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। बुधवार सुबह 6:07 बजे पिता वेद प्रकाश ने फोन कर बुलाया था। जब वह पहुंचा तो पिता बाथरूम से मां को खींचकर बाहर ला रहे थे। पिता से मां के बेसुध होने का कारण पूछा तो पिता ने कहा कि सुशीला की हत्या कर दी है।
मां की लाश लेकर बेटा पहुंचा अस्पताल-
आकाश अपनी मां सुशीला को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के शव पर चोट के निशान देखकर अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आकाश ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने पिता के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया था, लेकिन सामाजिक दबाव के कारण सुशीला ने उसकी शादी के समय यह मामला वापस ले लिया।
रिपोर्ट- दिल्ली ब्यूरो क्राइम डेस्क