“गोरखपुर के सभी ब्लाकों में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और बीडीसी सदस्यों से जुड़ी आपत्तियों का कर दिया गया निस्तारण”
![]() |
खबरें आजतक Live |
गोरखपुर (ब्यूरो, उत्तर प्रदेश)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को गोरखपुर के सभी ब्लाकों में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और बीडीसी सदस्यों से जुड़ी आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया। गुरुवार को विकास भवन सभागार में पिपरौली, पिपराइच, सहजनवां, पाली, गोला, खजनी, गगहा और बड़हलगंज की आपत्तियों की सुनवाई की गई। दो दिन चले निस्तारण प्रक्रिया में ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक या दो पद पर बदलाव की उम्मीद दिखाई दे रही है। फिलहाल शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मिली आपत्तियों का निस्तारण होगा। उसके बाद शनिवार 14 मार्च को आरक्षण की अंतिम सूची प्रकाशित होगी। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता वाली कमेटी ने महाशिवरात्रि पर अवकाश के बाद भी विकास भवन सभागार में निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10.30 बजे से आपत्तियों का निस्तारण शुरू किया। आपत्तिकर्ताओं को भी उनकी बात कहने का पूरा मौका मिला। उनकी संतुष्टी के सम्पूर्ण प्रयास किए गए। उसके बाद भी कई बार गर्मागर्म बहस की स्थिति बन गई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई। शाम छह बजे तक सभी आपत्तियों का निपटारा कर दिया गया। इसके पूर्व बुधवार को खोराबार, सरदारनगर, चरगांवा, भटहट, जंगल कौड़िया, कैंपियरगंज, बांसगांव, ब्रह्मपुर, उरुवां, बेलघाट, कौड़ीराम और भरोहिया समेत 12 ब्लॉक के प्रधान और ग्राम पंचायत व बीडीसी सदस्यों पद की आपत्तियों का निस्तारण किया गया था।
ब्लॉकों और जिला मुख्यालय मिली थी कुल 830 आपत्ति-
ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 2 मार्च को सूची प्रकाशित की गई थी। 4 मार्च से इस सूची पर आपत्ति मांगी गई थी। 8 मार्च आपत्ति दर्ज कराने का आखिरी मौका था। इस दौरान कुल 830 आपित्तयां आई हैं। जिला मुख्यालय पर सर्वाधिक 499 और ब्लॉक कार्यालयों पर 331 आपत्तियां मिली थीं। जिले में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद से जुड़ी सभी आपत्तियों का निस्तारण हो गया है। एक बार और इसका सत्यापन किया जाएगा। हिमांशु शेखर ठाकुर, डीपीआरओ के अनुसार ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य से जुड़ी आपत्तियों का शुक्रवार को निस्तारण करेंगे। संशोधनों की जानकारी 14 मार्च को आरक्षण सूची प्रकाशित करने के दौरान ही सार्वजनिक किया जाएगा।
रिपोर्ट- गोरखपुर डेस्क