“पंचायत चुनाव की रंजिश में हथियारबंद लोगों ने घर पर चढ़कर रघुनाथ सिंह को मारी 14 गोली, बांह और जांघ में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल, पीएमसीएच में कराया गया भर्ती”
![]() |
खबरें आजतक Live |
पटना (ब्यूरो, बिहार)। भदौर थाने का बकमा गांव शनिवार दिन में करीब 10 बजे अंधाधुंध गोलीबारी से थर्रा उठा। पंचायत चुनाव की रंजिश में हथियारबंद लोगों ने घर पर चढ़कर रघुनाथ सिंह को 14 गोली मारी। बांह और जांघ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जख्मी ने मीडिया को दिए गए बयान में एक दबंग जनप्रतिनिधि के छह सात समर्थकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। उसके बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि इस मामले में देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी। घटनास्थल से पुलिस ने दस खोखे बरामद किये हैं। बताया गया है कि रघुनाथ सिंह अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान घात लगाए कुछ लोगों ने रघुनाथ सिंह पर निशाना साध कर फायरिंग शुरू कर दी।
घटना को अंजाम देकर हमलावर भाग निकले। ग्रामीणों ने जख्मी को इलाज के लिए बाढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जख्मी को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है। पुलिस का दावा है कि जख्मी रघुनाथ सिंह अपराधिक प्रकृति का व्यक्ति है। भदौरा थाना प्रभारी निवास कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गांव पहुंच कर जांच-पड़ताल की है। फिलहाल पुलिस जख्मी का फर्द बयान लेने को लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है। बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज ने बताया कि रघुनाथ सिंह का आपराधिक इतिहास है। उस पर हत्या व आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पूर्व में वह जेल भी जा चुका है। देर रात जांच के लिए ग्रामीण एसपी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि शनिवार देर रात तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी।
रिपोर्ट- बिहार डेस्क