“निवर्तमान विधायक व भाजपा प्रत्याशी संजय यादव के करमौता स्थित आवास पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री भारत सरकार नित्यानंद राय का हुआ आगमन, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने पदाधिकारियों को दिया विजय मंत्र”
खबरें आजतक Live |
सिकन्दरपुर (बलिया, उत्तर प्रदेश)। जैसे-जैसे विधानसभा का चुनाव नजदीक आता जा रहा है। वैसे वैसे केन्द्रीय मंत्रियों तथा शीर्ष नेताओं का जमावड़ा भी विधानसभा क्षेत्रों में बढ़ता जा रहा है, जिसके क्रम में गुरुवार को निवर्तमान विधायक व भाजपा प्रत्याशी संजय यादव के करमौता स्थित आवास पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री भारत सरकार नित्यानंद राय का आगमन हुआ। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के आगमन के उपरांत निवर्तमान विधायक व भाजपा प्रत्याशी संजय यादव ने केंद्रीय मंत्री को फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने सिकन्दरपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रभारियों तथा मंडल प्रभारियों के साथ बैठक कर चुनाव की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी लिया। उन्होंने सभी भाजपा पदाधिकारियों को चुनाव से संबंधित बातों को बताते हुए चुनाव में विजयश्री प्राप्त करने हेतु विजय मंत्र भी दिया। पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गांव-गांव घर-घर जाकर भारतीय जनता पार्टी के केंद्र तथा प्रदेश सरकार के द्वारा किए गए जन कल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी आम जनता को दें।
तत्पश्चात पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जुबानी हमला भी बोला। कहा कि अखिलेश यादव कुछ विशिष्ट जातियों को केवल अल्पसंख्यक बना कर छोड़ देना चाहते हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी सभी जातियों को समान महत्व देती है और देती रहेगी। प्रदेश में जितना कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। उसका एक अंश का कार्य भी समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी की सरकारों द्वारा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जिस तरीके से प्रदेशवासियों के घर तक सहायता पहुंचाई वह वास्तव में काबिले तारीफ है। अन्य सरकारों को भी इससे सीख लेनी चाहिए। इस दौरान मुख्य रूप से सांसद सलेमपुर रविन्द्र कुशवाहा, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, विधानसभा प्रभारी सीपी सिंह, केशव यादव, अरविन्द राय, मुक्तेश्वर वर्मा, मनोज सिंह, जितेंद्र यादव, निरंजन राय, ओम प्रकाश यादव, राहुल गुप्ता, विशाल राजभर समेत दर्जनों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
रिपोर्ट- विनोद कुमार गुप्ता